पात्र नागरिकों और युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर, 29 नवंबर को भी लगेंगे विशेष शिविर
गोण्डा - मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों और नए युवा मतदाताओं के नाम शामिल करने के लिए जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन ने एलबीएस डिग्री कॉलेज में स्थापित बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता सूची की त्रुटियों को दुरुस्त करने तथा सभी पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल करने के निर्देश दिए। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत 28 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया, जिसमें मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं तथा आवश्यकतानुसार नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना है। इसके साथ ही मृतक, स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित तथा डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। महिला, युवा, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक एवं ट्रांसजेंडर मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि मतदाता अपना नाम संबंधित बूथ, बीएलओ, ईसीआईनेट ऐप एवं नागरिक सेवा पोर्टल के माध्यम से भी जांच सकते हैं। नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 एवं 6ए, नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में संशोधन के लिए फार्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। सभी संबंधित अधिकारियों के पास ये फार्म उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment