Sep 10, 2026

कर्नलगंज तहसील में अधिवक्ता के चैंबर में घुसकर कनपटी पर लगा दी बंदूक


करनैलगंज/ गोण्डा  - जनपद में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब अधिवक्ताओं को भी तहसील परिसर में खुलेआम धमकाया जा रहा है। ताजा मामला कोतवाली कर्नलगंज का है, जहां एक अधिवक्ता पर उसके चैंबर में घुसकर हमला करने का प्रयास किया गया,जिससे अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। मामले में पीड़ित अधिवक्ता द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई है।


CNG प्लांट की शिकायत वापस न लेने पर तहसील में दी गई धमकी

दर्ज एफआईआर में पीड़ित अधिवक्ता सचिन  सचिन सिंह द्वारा कहा गया है कि 09.09.2026 को दोपहर 12:40 बजे पीड़ित अपने चैंबर में बैठकर कोर्ट का काम कर रहा था। तभी अवधेश सिंघानिया पुत्र बजरंग लाल सिंघानिया निवासी  गाड़ी बाजार पूर्वी कस्बा करनैलगंज,अपने साथ 4-5 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे और धमकाने लगे।

आरोप है कि अवधेश सिंघानिया ने अधिवक्ता सचिन सिंह से किसी CNG प्लांट से संबंधित शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। पीड़ित ने जब शिकायत वापस लेने से साफ मना कर दिया, तो विपक्षी आग-बबूला हो गया और जान से मारने की नियत से अधिवक्ता की कनपटी पर बंदूक सटा दी और कहा कि "अभी हम तुम्हें जान से मार देंगे।"

असलहा लहराते हुए दी धमकी 

अधिवक्ता के शोर मचाने पर तहसील के अन्य अधिवक्ता दौड़कर मौके पर पहुंचे। खुद को घिरता देख आरोपी असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए बोले  कि करनैलगंज आते हो तुम्हें देख लेंगे।"

 शिकायत में अधिवक्ता सचिन ने बताया कि किसी तरह अपनी जान बचाई। पीड़ित ने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि उसे और उसके परिवार को जान-माल का गंभीर खतरा है। यदि भविष्य में उसके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो उसकी पूर्ण जिम्मेदारी अवधेश सिधनिया और उसके साथियों की होगी।

पुलिस ने दर्ज किया केस

पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली कर्नलगंज पुलिस ने आरोपी अवधेश सिंघानिया और 4-5 अज्ञात के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
वहीं तहसील बार एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

No comments: