Nov 23, 2026

मुंशी, मौलवी और आलिम परीक्षाओं के लिए समय-सारिणी जारी, 10 दिसंबर तक जमा करना होगा परीक्षा शुल्क



गोण्डा  -  उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ द्वारा संचालित मुंशी/मौलवी (सेकेण्डरी अरबी/फारसी) एवं आलिम (सीनियर सेकेण्डरी अरबी/फारसी) परीक्षा वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 नवंबर से शुरू हो गई है। परीक्षा के लिए परिषद द्वारा निर्धारित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। इसके तहत मदरसों के प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय के भीतर छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्र ऑनलाइन पोर्टल पर भरने और लॉक करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी  ने बताया कि परीक्षा वर्ष 2027 के लिए निर्धारित परीक्षा शुल्क राजकीय कोष में ट्रेजरी चालान के माध्यम से जमा करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, मदरसे के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्या द्वारा छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 है।

उन्होंने बताया कि आवेदन पत्रों को नियमानुसार मदरसा पोर्टल पर लॉक करने की अंतिम तिथि 17 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी द्वारा संदेहास्पद डाटा सहित परीक्षा आवेदन पत्रों को ऑनलाइन मदरसा पोर्टल पर लॉक करने की अंतिम तिथि 20 दिसंबर 2026 तय की गई है।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित मदरसों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि परीक्षा आवेदन से संबंधित सभी कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समय से पूर्ण कर लें। आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को परीक्षा संबंधी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

No comments: