मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन के लिए 28 और 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान
28 और 29 नवंबर को खुले रहेंगे मतदेय स्थल वाले विद्यालय एवं कार्यालय, बीएलओ लेंगे दावे-आपत्तियां
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का मौका, 28-29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान
गोण्डा - भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जनपद में 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जनपद के सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 2879 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को किया जा चुका है। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। इसी क्रम में 28 नवंबर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
विशेष अभियान के दौरान सभी संबंधित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों, इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों एवं अन्य कार्यालयों को खुला रखा जाएगा, जहां मतदेय स्थल स्थापित हैं। संबंधित प्रधानाध्यापक, प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष बीएलओ को आवश्यकतानुसार मेज-कुर्सी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उनके कार्यों में सहयोग करेंगे।
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम कटवाने अथवा विवरण में संशोधन कराने के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि विशेष अभियान के दोनों दिनों में मतदेय स्थल वाले भवनों को निर्धारित समय तक खुला रखना सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment