Oct 30, 2026

कर्नलगंज में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष, घर में घुसकर कुल्हाड़ी से किया हमला, एक की हालत गंभीर, तीन पर एफआईआर


ककरनैलगंज /गोण्डा - कर्नलगंज थाना कोतवाली क्षेत्र के कपूरपुर मिश्रपुरवा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार रात खूनी संघर्ष हो गया। दबंगों ने लाठी-डंडा, ईंट, गुम्मा और कुल्हाड़ी लेकर घर में घुसकर मारपीट की। विरोध करने पर भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वह मरणासन्न हालत में बेहोश हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार, कपरूपुर मिश्रपुरवा निवासी राजेश कुमार यादव पुत्र रामजतन यादव ने तहरीर दी है कि दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को रात लगभग 8:30 बजे गांव के ही ललित यादव पुत्र सीताराम यादव, सुनील कुमार यादव व अनिल कुमार यादव पुत्र सीताराम यादव पुरानी रंजिश को लेकर उसके घर के अंदर घुस आए। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर ईंट, गुम्मा, लाठी, डंडा व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जब पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने मां-बहन की गाली-गलौज देते हुए जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में आगे लिखा है कि जब पीड़ित को बचाने उसका भाई राकेश आया तो विपक्षी ललित ने जान से मारने की नियत से उसके भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे भाई बेहोश होकर मरणासन्न की स्थिति में हो गया।
पीड़ित राजेश की तहरीर पर थाना कर्नलगंज में दिनांक 28/10/2026 को रात 10:30 बजे भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 333, 110, 352, 351(3), 115(2), 118(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह बघेल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि घायल का मेडिकल कराया जा रहा है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No comments: