अलीगढ़ - उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है,जहाँ एक घर में शादी की शहनाइयाँ बजनी थीं, वहाँ अब मातम पसरा हुआ है। शादी से ठीक 8 दिन पहले आर्मी जवान शहीद हो गया।
मामला छर्रा थानाक्षेत्र के सिरसा गांव से जुड़ा है, गांव के लाल करन चौधरी सेना में तैनात थे और जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से शहीद हो गए।
24 नवंबर को होनी थी शादी, आज घर आने वाले थे
शहीद करन चौधरी की 24 नवंबर को कल्पना के साथ शादी तय थी। शादी के कार्ड रिश्तेदारों में बंट चुके थे, लॉज भी बुक हो चुका था, घर में तैयारियाँ जोरों पर थीं। परिवार आज यानी 17 नवंबर को करन के घर आने का इंतजार कर रहा था, लेकिन आज सुबह जो खबर आई उसने पूरे परिवार को तोड़ दिया।
करन की शहादत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मंगेतर कल्पना का रो-रोकर बेहाल है। माँ-बाप भी बेसुध हैं। गांव में शादी वाले घर में उदासी और सन्नाटा छा गया है।
गांव में शोक की लहर
सिरसा गांव का हर व्यक्ति गमगीन है,ग्रामीणों का कहना है कि करन बेहद मिलनसार और देशभक्त युवक था। पूरे गांव को उसकी शादी का इंतजार था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। शहीद जवान करन का पार्थिव शरीर जल्द ही गांव लाया जाएगा, जहाँ राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment