सर्विस मतदाताओं की निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 17 नवंबर से होगा शुरू
गोण्डा 14 नवम्बर 2026 - भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर सर्विस मतदाताओं (सेवा मतदाताओं) से संबंधित निर्वाचक नामावलियों के अंतिम भाग का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसके तहत 17 नवंबर 2026 से पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सर्विस मतदाताओं से संबंधित निर्वाचक नामावलियों के अंतिम भाग का प्रारूप प्रकाशन आगामी 17 नवंबर को किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक संबंधित रिकॉर्ड अधिकारियों, कमांडिंग अधिकारियों एवं अन्य सक्षम प्राधिकारियों द्वारा निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों का सत्यापन एवं स्कैनिंग करने के साथ ही एक्सएमएल फाइल तैयार कर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को हस्ताक्षरित एवं सत्यापित प्रपत्रों के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद ईआरओ द्वारा प्राप्त प्रपत्रों एवं एक्सएमएल फाइलों का परीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। अपूर्ण प्रपत्रों अथवा एक्सएमएल फाइलों को सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को वापस किया जाएगा। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, इस प्रक्रिया के तहत अंतिम आदेश जारी करने तथा निर्वाचक नामावली के अंतिम भाग का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment