गोण्डा - सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजनमानस को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर से परिवहन विभाग द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा संचालित इस विशेष जागरूकता अभियान के अंतर्गत दो पिकअप वैन के माध्यम से आगामी 15 दिनों तक जनपद के विभिन्न स्थानों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इन वाहनों के जरिए जनपदवासियों को सड़क सुरक्षा के नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा ओवरस्पीडिंग से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने 50 से अधिक मोटरसाइकिलों तथा दो पिकअप वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात संकेतों एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। प्रत्येक व्यक्ति सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, एआरटीओ (प्रशासन) आरसी भारतीय सहित परिवहन विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment