लखनऊ - सरस्वती डेंटल कॉलेज एवं जूपअप के संयुक्त तत्वावधान में 28 और 29 नवंबर को अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘स्पार्क-ओ-फेस्ट 2.0’ का आयोजन होगा। इसका उद्घाटन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे। सम्मेलन में देशभर से 2000 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
यह जानकारी स्पार्क नवाचार एवं उद्भवन केंद्र के संस्थापक निदेशक और सम्मेलन अध्यक्ष कमांडर सुमित घोष ने बुधवार को लखनऊ गोल्फ क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में 250 से अधिक प्रतिभागी विचार-विमर्श, स्टार्टअप प्रस्तुतीकरण, नवाचार प्रदर्शनी और इलेक्ट्रॉनिक पोस्टर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। विजेताओं को कुल पांच लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई, पुणे और दिल्ली समेत कई शहरों से प्रतिभागी पहुंचेंगे।
कार्यक्रम में नौ मुख्य व्याख्यान, दो उच्चस्तरीय परिचर्चाएं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर दो विशेषज्ञ कार्यशालाएं होंगी। इनमें नवाचार, निवेश, उद्यमिता, उन्नत तकनीक और सरकारी योजनाओं पर चर्चा होगी।
सम्मेलन निदेशक डॉ. कुणाल साह ने कहा कि नवाचार की भूमिका अब स्वास्थ्य और दंत चिकित्सा के क्षेत्र में भी बढ़ रही है। इससे मरीजों की देखभाल और इलाज की गुणवत्ता बेहतर बनाई जा सकती है।
आयोजन सचिव डॉ. कविता धिंसा ने बताया कि युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने, फंडिंग, बौद्धिक संपदा अधिकार और व्यावसायिक रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी। सम्मेलन में पॉडकास्ट सेंटर, लाइव प्रसारण और स्वयंसेवकों के लिए एआई कार्यशालाएं भी होंगी। ‘विचार से प्रभाव तक’ थीम पर होने वाला यह आयोजन विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों को साझा मंच देगा।
No comments:
Post a Comment