Nov 20, 2026

पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बहराइच में वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन

पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बहराइच में वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन

मुख्य अतिथि ने छात्राओं का किया उत्साहवर्धन, विजेता प्रतिभागियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

बहराइच। गेंदघर के निकट स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बहराइच में वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का हर्षोल्लास और उत्साह के बीच आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, श्रीमती सुधा टेकड़ीवाल रहीं।विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कैसरगंज के प्रधानाचार्य डॉ. अजय वर्मा, जीआईसी भग्गड़वा के प्रधानाचार्य यशवंत सिंह, जीआईसी बहराइच के प्रधानाचार्य नागेंद्र कुमार तथा पीएम श्री जीआईसी रमपुरवा के प्रधानाचार्य अमित कुमार पांडेय उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। मुख्य अतिथि ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना तथा नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।समारोह में दौड़, भाला फेंक, कबड्डी और खो-खो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त नृत्य, गायन, निबंध लेखन एवं कला प्रतियोगिताओं में भी छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा मेडल, प्रमाण पत्र तथा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।विद्यालय की प्रधानाचार्या मधु यादव ने समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया और उन्हें धन्यवाद दिया। इस अवसर पर क्रीड़ा प्रभारी एवं प्रवक्ता मीनाक्षी सिंह, राबिया अंसारी, सुश्री शाइस्ता खान, ममता पाठक, किरन यादव, दीपिका चौरसिया, नीतू राय तथा वरिष्ठ सहायक अभिषेक साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments: