Nov 20, 2026

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन कराने के लिए 21, 22, 28 व 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान






17 नवंबर को प्रकाशित हो चुकी है मतदाता सूची की आलेख्य प्रति, 16 दिसंबर तक प्राप्त किए जाएंगे दावे और आपत्तियां

गोण्डा  -  भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्य शुरू हो गया है। इसके तहत 17 नवंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने और अपात्र नामों को हटवाने के लिए 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद में चार विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके लिए 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन विशेष अभियान दिवसों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

ऐसे युवा एवं पात्र नागरिक जिनकी आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है और अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, वे नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भर सकते हैं। मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा डुप्लीकेट नामों को हटवाने के लिए फार्म-7 और मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु सहित अन्य विवरणों में संशोधन कराने अथवा एक स्थान से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए फार्म-8 भरना होगा।

निर्धारित फार्म संबंधित बूथ लेवल अधिकारी, पदाभिहित अधिकारी, मतदाता पंजीकरण केंद्र, तहसील अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। इसके अलावा ECINET मोबाइल ऐप एवं निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

जिला निर्वाचन कार्यालय में डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर एवं हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। मतदाता सूची से संबंधित जानकारी एवं सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे अपने कार्यकर्ताओं एवं बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा सूची में विद्यमान त्रुटियों को दूर कराने में सहयोग करें। पुनरीक्षण का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना, प्रविष्टियों की अशुद्धियों को दूर करना तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाना है।

No comments: