थाना कोतवाली व कस्बा कर्नलगंज क्षेत्र के मोहल्ला बजरंगनगर नचनी निवासी सहजराम पुत्र बसंतलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र उमाशंकर मौर्य पुत्र सहजराम मौर्य, दिनांक 25 नवंबर बुधवार को समय रात करीब साढ़े दस बजे मोटर साइकिल से कर्नलगंज बस स्टाप से मौर्य नगर की तरफ जा रहा था। मौर्य नगर चौराहे के पास पहुंचने ही वाला था कि चार पहिया वाहन संख्या UP32RP1832 ने तेज रफ्तार में आकर पीछे से प्रार्थी के पुत्र की मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे वह उछलकर कार के शीशे/बोनट पर तेजी से गिरा और कुछ दूर जाकर गाड़ी के नीचे गिर गया। हादसे में उमाशंकर के सिर तथा बांये पैर में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसने परिजनों को सूचना दी। परिजन व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर कस्बा चौकी में खड़ा करा दिया। घायल को एंबुलेंस से शीघ्र सीएचसी कर्नलगंज ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल गोंडा रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि घायल के बांये पैर की दोनों हड्डियां टूट गई हैं तथा सिर में कई टांके लगे हैं। गंभीर चोटों के कारण शीघ्र ऑपरेशन करना पड़ेगा, जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्नलगंज से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में धुत्त था और हादसे के बाद कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची कर्नलगंज कस्बा चौकी पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार को कब्जे में लेकर कस्बा चौकी में खड़ा करा दिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
No comments:
Post a Comment