परिजनों में कोहराम- नीले ट्रैक्टर की तलाश में जुटी पुलिस
करनैलगंज /गोण्डा - कोतवाली क्षेत्र में बेलगाम वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला कटरा रोड का है, जहां मनोकामना इंडेन गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने गई महिला को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मामले में मृतका के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सकरौरा पश्चिमी निवासिनी शरीफुन्निसा 50 वर्ष पत्नी स्वर्गीय मेंहदी हसन सोमवार दिनांक 24-11-2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे कटरा रोड स्थित गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने गई थीं। वह सड़क किनारे खड़ी थीं। तभी उत्तर दिशा से दक्षिण की ओर आ रहा तेज रफ्तार नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर (चेचिस नंबर KZCDN186496353 बेकाबू होकर आया और महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला उछलकर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बेटे ने दी तहरीर, एफआईआर दर्ज
मृतका के पुत्र राजाबाबू पुत्र स्वर्गीय मेंहदी हसन निवासी सकरौरा पश्चिमी ने कोतवाली कर्नलगंज में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 और धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट 1988 के तहत अज्ञात सोनालिका ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक आनंद कुमार उपाध्याय को सौंपी गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ट्रैक्टर के चेचिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक और चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने कटरा रोड पर स्थित गैस एजेंसी के पास आए दिन होने वाले हादसों पर नाराजगी जताई और वहां पर स्पीड ब्रेकर व पुलिस पिकेट की मांग की है।
No comments:
Post a Comment