Nov 26, 2026

बारात से लौट रही कार पुलिया से टकराई, एक की मौत, पांच गंभीर




जयमाल कार्यक्रम के बाद घर लौट रहे थे सभी, सोनवार मोड़ के पास हुआ हादसा

करनैलगंज/गोण्डा  - बारात से लौट रहे लोगों की कार बुधवार देर रात करनैलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक बहराइच जिले के कानूनगोपुरा दक्षिणी निवासी लोग करनैलगंज के बरगदी कोट में भगत तिवारी के यहां बारात में शामिल होने आए थे। बुधवार रात जयमाल कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी बलेनो कार से घर लौट रहे थे। रात करीब दो बजे बैकुंठनाथ महाविद्यालय के पास सोनवार मोड़ से आगे कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने शिव शंकर पाण्डेय (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं अर्जुन पाण्डेय (18), सोमनाथ पाण्डेय (40), अभिनव पाण्डेय (30), शुभम पाण्डेय (19) और कृष्णा पाण्डेय (30) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल  रेफर कर दिया गया।

एसएसआई दुर्गा प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही बारात में शामिल लोगों और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।


No comments: