Nov 28, 2026

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं त्रुटियों के संशोधन के लिए 28 और 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान




गोण्डा -  भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शेष दो विशेष अभियान 28 नवंबर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों तिथियों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

ऐसे पात्र नागरिक जिनकी आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है और अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, वे नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भर सकते हैं। मृतक, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन और एक स्थान से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।

नागरिक संबंधित बूथ लेवल अधिकारी, पदाभिहित अधिकारी, मतदाता पंजीकरण केंद्र, तहसील अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में निर्धारित फार्म जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ECINET मोबाइल ऐप एवं निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

जिला निर्वाचन कार्यालय में डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर एवं हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। मतदाता सूची से संबंधित जानकारी एवं सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने जनपद के समस्त राजनैतिक दलों से अपील की है कि वे अपने कार्यकर्ताओं एवं बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से विशेष अभियान की तिथियों तथा दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की निर्धारित अवधि में पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें। पुनरीक्षण का उद्देश्य सभी अर्ह नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने, प्रविष्टियों की त्रुटियों को दूर करने तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने की कार्रवाई करना है।

No comments: