एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी ने लाभार्थियों को वितरित की पोषण सामग्री
‘परंपरा से पोषण’ अभियान के तहत बहराइच में 296 अतिकुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को वितरित की गई लोहे की कड़ाही व पोषण किट
गोण्डा - माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाने तथा पारंपरिक पौष्टिक खानपान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल एवं जिला प्रशासन के प्रयासों से ‘परंपरा से पोषण’ अभियान के अंतर्गत जनपद बहराइच के उत्थान ऑडिटोरियम में पोषण सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता सहित अन्य अधिकारियों द्वारा जनपद के 296 गंभीर तीव्र कुपोषण (SAM) से प्रभावित बच्चों एवं उनकी माताओं को स्वास्थ्य का उपहार स्वरूप पारंपरिक लोहे की कड़ाही एवं पोषण किट वितरित की गई।
पारंपरिक खानपान को प्रोत्साहन, पोषण के प्रति जागरूकता पर जोर
‘परंपरा से पोषण’ अभियान का उद्देश्य क्षेत्रीय एवं पारंपरिक खाद्य परंपराओं को पुनः प्रोत्साहित करते हुए महिलाओं एवं बच्चों को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करना है। इसी उद्देश्य से लाभार्थी माताओं को लोहे की कड़ाही वितरित की गई। पारंपरिक लोहे की कड़ाही में भोजन तैयार करने से आहार में आयरन की मात्रा बढ़ाने में सहायता मिल सकती है, जिससे महिलाओं एवं बच्चों में खून की कमी से बचाव के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी परिवारों को गुड़, भुना चना एवं सत्तू जैसे पौष्टिक एवं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थ भी वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त कैल्शियम, ओआरएस-जिंक तथा पोषक तत्वों से युक्त फोर्टिफाइड टेक होम राशन भी उपलब्ध कराया गया, जिससे माताओं एवं बच्चों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग मिल सके।
कुपोषण के विरुद्ध जनभागीदारी एवं निरंतर प्रयास
अभियान के माध्यम से पोषण सामग्री वितरण के साथ-साथ परिवारों को बच्चों के स्वास्थ्य, संतुलित आहार एवं पोषण संबंधी व्यवहार में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आंगनवाड़ी एवं स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से लाभार्थियों की नियमित निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण एवं पोषण संबंधी परामर्श पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य एवं वृद्धि में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने मातृ एवं शिशु पोषण को समाज के स्वस्थ भविष्य की आधारशिला बताते हुए पारंपरिक पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक खानपान में शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जनपद में कुपोषण की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘परंपरा से पोषण’ अभियान के माध्यम से चिन्हित बच्चों एवं उनकी माताओं तक पोषण सामग्री पहुंचाने के साथ उन्हें पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लाभार्थियों के नियमित फॉलोअप के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने अभियान को जनभागीदारी एवं विभागीय समन्वय के माध्यम से प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित अधिकारियों से लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी निहारिका विश्वकर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी माताएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment