ई०पी० रेशियो एवं जेण्डर रेशियो पर विशेष ध्यान देने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
मतदाताओं के नाम, जन्मतिथि एवं अन्य विवरणों का शत-प्रतिशत शुद्धता के साथ सत्यापन सुनिश्चित करें अधिकारी
गोण्डा - कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विधानसभा क्षेत्रों के ई०पी० रेशियो (इलेक्टोरल पॉपुलेशन रेशियो) एवं जेण्डर रेशियो की समीक्षा करते हुए पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान ई०पी० रेशियो तथा जेण्डर रेशियो पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ सुपरवाइजरों तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से लगातार संपर्क बनाए रखें और उनसे पुनरीक्षण कार्य की प्रगति एवं स्थिति की नियमित जानकारी प्राप्त करते रहें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और सतत निगरानी से निर्वाचन नामावलियों को त्रुटिरहित बनाया जा सकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि मतदाताओं के नाम, जन्मतिथि तथा अन्य सभी आवश्यक विवरणों का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए। निर्वाचक नामावलियों में दर्ज प्रत्येक विवरण की जांच गंभीरता से की जाए, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए और किसी भी प्रकार की गलत प्रविष्टि न रहे। साथ ही पुनरीक्षण से संबंधित सभी कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समयसीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें, जिससे आगामी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन निर्वाचक नामावलियां तैयार की जा सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारीगण, पीडी डीआरडीए, चकबंदी विभाग के अधिकारीगण, समस्त खण्ड विकास अधिकारीगण, खण्ड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment