नगर निकायों के विकास कार्यों की जिलाधिकारी ने की गहन समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
धानेपुर, तरबगंज और परसपुर में कार्यों की गुणवत्ता पर नाराजगी, जांच के निर्देश
गोण्डा - कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनपद के स्थानीय नगर निकायों में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरपालिकाओं एवं नगर पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी नगर पंचायतों एवं नगरपालिकाओं के वार्डों में संचालित विभिन्न योजनाओं—सीवरेज एवं जल निकासी योजना, पं. दीन दयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, पेयजल व्यवस्था योजना, आकांक्षी नगर योजना, अन्त्येष्टि स्थल योजना, नगरीय झील/तालाब/पोखर संरक्षण योजना, वंदन योजना तथा मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना आदि—के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
बैठक में मोहल्ला एवं वार्डवार नाली निर्माण, नाला निर्माण, पार्क निर्माण, कवर आरसीसी रोड निर्माण, हाईमास्ट लाइट, ओपन जिम निर्माण, तालाब सौन्दर्यीकरण सहित अन्य कार्यों की कार्य प्रारम्भ होने से पूर्व तथा कार्य पूर्ण होने के बाद की जियो-टैग फोटोग्राफ के माध्यम से पीपीटी प्रस्तुति कर गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान नगर पंचायत धानेपुर में कराए गए कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी धानेपुर रागिनी वर्मा को शोकाज नोटिस जारी करने तथा संबंधित कार्यों की जांच कराने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार नगर पंचायत तरबगंज में कराए गए कार्य सही स्थिति में न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी तरबगंज अमरनाथ को शोकाज नोटिस जारी करने एवं उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायत में कराए गए एवं वर्तमान में चल रहे सभी कार्यों की जांच कराने के लिए अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया।
नगर पंचायत परसपुर में निर्माणाधीन अन्त्येष्टि स्थल के कार्य की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी बेलसर अनुराग शुक्ला को शोकाज नोटिस जारी करने तथा नगर पंचायत में कराए गए एवं चल रहे कार्यों की जांच कराने के निर्देश अपर जिलाधिकारी को दिए।
नगर पालिका गोण्डा में समय से नाला निर्माण कार्य पूर्ण न होने तथा विभिन्न वार्डों में कार्य प्रारम्भ न किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गोण्डा संतराम का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन कार्यों को संबंधित संस्था द्वारा प्रारम्भ नहीं किया गया है, ऐसी संस्था को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा कार्यों की वास्तविक स्थिति की जांच के लिए जियो-टैग फोटोग्राफ एवं स्थलीय निरीक्षण को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका गोण्डा, करनैलगंज, नवाबगंज, नगर पंचायत परसपुर, बेलसर, खरगूपुर, तरबगंज, मनकापुर, धानेपुर एवं कटरा बाजार तथा एलबीसी अनिल सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment