Sep 30, 2026

करनैलगंज: बालपुर चौकी क्षेत्र के हरसिंहपुर में एलटी लाइन ठीक करते समय करंट से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में कोहराम



गोण्डा  - करनैलगंज कोतवाली के बालपुर चौकी अंतर्गत हरसिंहपुर गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। विद्युत की एलटी लाइन ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि हरसिंहपुर गांव में एलटी लाइन में फाल्ट आ गया था। गांव का ही एक युवक लाइन ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया और युवक उसकी चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि युवक खंभे से नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना पर बालपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना शटडाउन लिए ही लाइन पर काम कराया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक विद्युत विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।

No comments: