Oct 2, 2026

बिजली विभाग की मनमानी चरम पर, अफसरों के निर्देश बेअसर, सोशल मीडिया पर सिर्फ खानापूर्ति



करनैलगंज/ गोण्डा- कर्नलगंज तहसील क्षेत्र में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही और मनमानी चरम पर है। उच्चाधिकारियों के सख्त निर्देशों के बावजूद मैदानी कर्मचारी मौज में हैं। कार्रवाई के नाम पर विभाग सिर्फ सोशल मीडिया पर खानापूर्ति कर रहा है, जबकि धरातल पर हकीकत शून्य है।
कटरा फीडर के ग्राम कुंवरपुर अमरहा में कई दिनों से टूटी लाइन नहीं जोड़ी गई, तो वहीं छतौरा गांव में एक सप्ताह से गिरा पोल और टूटी लाईन विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। गांव अंधेरे में डूबे हैं, ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, किसानों की धान की फसल सूख रही है और बच्चों की पढ़ाई चौपट हो रही है।
आलम यह है कि उपभोक्ता जब जेई और लाइनमैन के सीयूजी नंबर पर संपर्क करते हैं तो फोन बंद या अनुत्तरित मिलता है। शिकायतों के बाद भी टीमें मौके पर नहीं पहुंच रही हैं। ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि विभाग को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है।

No comments: