Nov 28, 2026

मतदाता सूची पुनरीक्षण की जमीनी हकीकत परखने बूथों पर पहुंचे एसडीएम अमन देओल

 मतदाता सूची पुनरीक्षण की जमीनी हकीकत परखने बूथों पर पहुंचे एसडीएम अमन देओल

जरवल, धौकल पुरवा, धनराजपुर समेत कई बूथों का निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त निर्देश; विशेष अभियान के बाद घर-घर जाकर फॉर्म एकत्र करेंगे बीएलओ

कैसरगंज/बहराइच भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एसडीएम अमन देओल ने विधानसभा कैसरगंज के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।एसडीएम ने जरवल कस्बा, धौकल पुरवा, धनराजपुर, कंदेला, बढ़ौली बीबीपुर और बरवलिया समेत विभिन्न बूथों पर पहुंचकर पुनरीक्षण कार्यों की स्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं कर्मचारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।उन्होंने बूथों पर चल रहे नए मतदाता पंजीकरण, नाम संशोधन एवं अन्य कार्यों की जानकारी लेते हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने और आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विशेष अभियान दिवस के बाद भी पुनरीक्षण कार्य में सक्रियता बनाए रखने तथा घर-घर जाकर मतदाताओं से फॉर्म एकत्र करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।एसडीएम ने युवाओं से अपील की कि जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है अथवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को चौथे विशेष अभियान दिवस पर सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची की जांच, नए मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने संबंधी आपत्ति एवं संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से सुविधा उपलब्ध रहेगी।

एसडीएम ने तहसील क्षेत्र के नागरिकों से विशेष अभियान का लाभ उठाने, मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और पात्र होने पर पंजीकरण कराने की अपील की।

No comments: