Oct 5, 2026

कुलदीप की मौत पर उठे सवाल, परिजन बोले- हत्या की आशंका; निष्पक्ष जांच की मांग

 कुलदीप की मौत पर उठे सवाल, परिजन बोले- हत्या की आशंका; निष्पक्ष जांच की मांग

पुलिस की कड़ी सुरक्षा में पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार, चक्काजाम के बाद अधिकारियों ने दिया जांच का भरोसा

कैसरगंज, बहराइच :- कैसरगंज थाना क्षेत्र के गोड़ाहिया नंबर-1 निवासी 22 वर्षीय कुलदीप निषाद का सोमवार को भारी पुलिस बल और क्षेत्रीय विधायक आनंद यादव की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में तनाव के बीच माहौल गमगीन रहा।परिजनों ने कुलदीप की मौत को संदिग्ध बताते हुए अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता चेतराम का आरोप है कि बेटे के लापता होने के बाद उन्होंने पुलिस से लगातार कार्रवाई की मांग की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी आरोप है कि शव पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।परिजनों के अनुसार, कुलदीप दो अक्टूबर को गन्ने के खेत में पत्ती काटने गया था। वापस न लौटने पर तलाश शुरू की गई। करीब 36 घंटे बाद तीन अक्टूबर की शाम एसडीआरएफ ने घाघरा के नाले से उसका शव बरामद किया।पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने बगद्वारापुर चौराहे पर लखनऊ-बहराइच हाईवे जाम कर दिया। क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डीके श्रीवास्तव ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।वहीं, थाना प्रभारी राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि दो अक्टूबर को गुमशुदगी दर्ज कर तलाश की जा रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। परिजनों की आशंका और आरोपों की जांच की जा रही है।

No comments: