21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन गोण्डा में आयोजित किया जाएगा भव्य योग कार्यक्रम
गोण्डा - कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन एवं तैयारियों की समीक्षा हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक में योग दिवस कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉक्टर इंद्रजीत को निर्देशित करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व आयोजित किए जाने वाले साप्ताहिक रिहर्सल योग कार्यक्रम का शुभारंभ 15 जून 2026 को प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक सिविल लाइन स्थित चेतना पार्क, गोण्डा में किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि रिहर्सल कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य जनपदीय योग कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक पुलिस लाइन, गोण्डा में किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन शैली का आधार है और इसके माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्ण तत्परता से तैयारियां करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री शिल्पा वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, डीएसटीओ एन.के. सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी लाल जी दुबे, डीसी एनआरएलएम जे.एन. राव, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment