Sep 25, 2025

वन्य जीव सक्रियता क्षेत्र का डीएम ने किया भ्रमण पीड़ित परिवार से भेंट कर बंधाया ढाढस

 वन्य जीव सक्रियता क्षेत्र का डीएम ने किया भ्रमण 

पीड़ित परिवार से भेंट कर बंधाया ढाढस 

बहराइच । जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र के साथ बुधवार की रात विकास खण्ड फखरपुर अन्तर्गत हिंसक वन्य जीव प्रभावित ग्राम मंझारा तौकली के मजरा बाबा बंगला का भ्रमण कर 24 सितम्बर 2025 को अपरान्ह लगभग 03ः45 बजे वन्य जीव के हमले में मृतक 03 वर्षीय सोनी पुत्री बाबू लाल के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से भेंट कर सांत्वना दी। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है। उन्होंने बताया कि हिंसक वन्य जीवों से उत्पन्न समस्या के समाधान हेतु वन विभाग, पुलिस, राजस्व, ग्राम्य विकास सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। हिंसक वन्य जीव की खोज हेतु विशेषज्ञों की टीम के साथ-साथ सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। संवेदनशसील स्थानों पर कैमरा ट्रैप तथा ट्रैपिंग केज भी लगाये गये हैं। डीएम ने बताया कि जनपद के आस पास के जनपदो से वन्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ वन दरोगा की 32 टीमो की ड्यूटी लगाई गई है। वन्य जीवों के हमलो से बचाव हेतु जनजागरूकता हेतु 18 पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम की स्थापना कराई गई है। प्रभावित क्षेत्रां में लगभग 1390 से अधिक स्ट्रीट लाइट, 61 सोलर लाइटें एवं दरवाजे विहीन घरों में लगभग 24 दरवाजे भी लगावाये गये है। रात्रि में निर्बाध विद्युत् आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में 34 नोडल अधिकारियो द्वारा रात्रि में भ्रमण करते हुए गांव के लोगो को अन्दर या छत पर सोने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अलावा जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों द्वारा भी निरन्तर भ्रमण करके लोगो को वन्य जीव हमले से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रभागीय वनाधिकारी राम सिंह यादव, उप जिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि खोखर, खण्ड विकास अधिकारी फखरपुर प्रतीक व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्र में हिंसक वन्यजीव के रेस्क्यू हेतु संचालित गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि सघन गश्त करते रहें। डीएम ने कहा कि दरवाजा विहीन व छोटे बच्चों वाले घरों की विशेष रूप से निगरानी रखी जाय। साथ ही ग्रामवासियों को जागरूक किया जाय कि वे छोटे बच्चों के साथ खुले में न सोए तथा अपने स्तर पर भी सतर्कता बनाये रखें। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामामनन्द कुशवाहा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह,  प्रमुख मुन्ना सिंह पूर्व प्रमुख सत्यदेव सिंह सहित अन्य क्षेत्रीय गणमान्य व संभ्रान्तजन मौजूद रहे। 

                      

No comments: