Dec 1, 2022

लक्ष्मी सिंह ने संभाली नोएडा पुलिस आयुक्त की कुर्सी,बनी प्रदेश की पहली महिला पुलिस कमिश्नर

नोएडा - आईपीएस लक्ष्मी सिंह ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभाल लिया है। थोड़ी देर पहले उन्होंने नोएडा पुलिस आयुक्त का पद ग्रहण किया है। जिसके बाद लक्ष्मी सिंह यूपी की प्रथम पुलिस कमिश्नर बन गई हैं। प्रदेश की पहली पुलिस कमिश्नर ने नोएडा से अपनी शुरुआत की है। इससे पहले 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह जिले के पुलिस कमिश्नर थे, जो अब लखनऊ चले गये हैं। अब लक्ष्मी सिंह गौतमबुद्ध नगर में पुलिस कमिश्नर के पद पर कार्य करेंगी। आलोक सिंह का ट्रांसफर लखनऊ पुलिस मुख्यालय में एडीजी पद पर हुआ है।

लक्ष्मी सिंह 2000 बैच की हैं आईपीएस अधिकारी

लक्ष्मी सिंह 2000 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के लखनऊ की धरती पर हुआ । उन्होंने सबसे पहले लखनऊ रेंज में इंस्पेक्टर जनरल के पद पर कार्य किया था। ट्रेनिंग के दौरान हैदराबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अकैडमी में उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रोफेशनल का खिताब मिला था। जिसपर उन्हें प्रधानमंत्री व गृह मंत्री के द्वारा सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री ने उनको सिल्वर बेसन और गृहमंत्री ने उनको पिस्टल का अवार्ड दिया था।
आईपीएस लक्ष्मी सिंह अपने कार्यकाल के समय कई जिलों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। लक्ष्मी इससे पहले वाराणसी, चित्रकूट, गोंडा, फर्रुखाबाद, बागपत और बुलंदशहर में बतौर एसपी और एसएसपी के रूप में सेवा दे चुकी हैं। उन्होंने माफियाओं और गैंगस्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। जिसकी वजह से वह तेजी से चर्चा में आई है। वह फिलहाल लखनऊ में बतौर पुलिस महानिरीक्षक तैनात थीं।

पहली बार महिला आईपीएस के हाथ में होगी जिले की कमान

बता दें कि लक्ष्मी सिंह की गिनती  प्रदेश पुलिस में तेजतर्रार अफसर के तौर पर होती है। वह अभी लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक रही हैं। उन्हें वेस्ट यूपी में काम करने का अच्छा अनुभव है। वह मेरठ की डीआईजी भी रह चुकी हैं। खास बात यह है कि पहली बार गौतमबुद्ध नगर जिले की कमान किसी महिला आईपीएस के हाथों में रहेगी। बता दें कि पुराने सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस सिस्टम में भी गौतमबुद्ध नगर में कोई महिला एसएसपी नहीं रही थीं।

No comments: