Nov 17, 2026

November 17, 2026

उप जिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र में हुआ बदलाव सदर बहराइच की एसडीएम होंगी मोनालिसा जौहरी

उप जिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र में हुआ बदलाव 

सदर बहराइच की एसडीएम होंगी मोनालिसा जौहरी 

बहराइच । जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा शासकीय कार्यहित में जनपद में कार्यरत उप जिलाधिकारियों के कार्य क्षेत्र में बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार उप जिलाधिकारी सदर बहराइच अमन देओल को उप जिलाधिकारी कैसरगंज, उप जिलाधिकारी मिहींपुरवा (मोतीपुर) मोनालिसा जौहरी को उप जिलाधिकारी सदर बहराइच, उप जिलाधिकारी कैसरगंज प्रशान्त कुमार नायक को उप जिलाधिकारी मिहींपुरवा (मोतीपुर) के पद पर तैनात किया गया है। जबकि नवागंतुक उप जिलाधिकारी आकाश कुमार को उप जिलाधिकारी (न्यायिक) कैसरगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।               

November 17, 2026

निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज

हापुड़ - निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है, मामले में धर्मपाल उर्फ डीपी निषाद पर मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि धर्मपाल ने गर्भवती का फूल-प्रसाद फेंक दिया तथा पिटाई के बाद महिला का गर्भपात हो गया। गर्भवती महिला के साथ हुई घटना में डीपी निषाद सहित 5 नामजद लोगो पर मुकदमा दर्ज
कर गढ़ पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
November 17, 2026

शुरू हुआ कोहरे का कहर, NH-30 पर डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रौंदा, 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत,2 की हालत गंभीर



सीतापुर - घने कोहरे ने एक बार फिर भीषण हादसे को न्योता दे दिया। नेशनल हाईवे 30 पर अटरिया थानाक्षेत्र अंतर्गत सहजनपुर के पास तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पर बैठे 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सभी मजदूर लखनऊ से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। सुबह-सुबह घने कोहरे के कारण NH-30 पर विजिबिलिटी न के बराबर थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे बेकाबू डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती

सूचना पर पहुंची अटरिया पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रॉली से बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां दो घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
 मृतकों की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। 

मजदूरों की मौत से गांव में मातम

वहीं एक साथ तीन मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजन रो रो कर बेहाल हो रहे हैं।
November 17, 2026

श्रीमद्भागवत कथा में भक्ति, परीक्षित जन्म एवं शिव-पार्वती विवाह प्रसंग सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु


सकरौरा सरयू नगर में कथा के दौरान गूंजे भगवान श्रीकृष्ण एवं हर-हर महादेव के जयकारे

करनैलगंज/गोण्डा - सकरौरा के सरयू नगर, निकट तिवारी पुरवा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पावन अवसर पर कथा व्यास परम पूज्य आचार्य श्री प्रकाश तिवारी महाराज के श्रीमुख से भक्ति और ज्ञान की अमृतधारा प्रवाहित हुई। कथा आचार्य प्रेमानंद तिवारी जी महाराज, अयोध्या धाम की गरिमामयी उपस्थिति में कथा का भक्तिमय आयोजन संपन्न हुआ।

कथा के मुख्य यजमान शिव नारायण तिवारी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती ज्ञानवती तिवारी सहित समस्त तिवारी परिवार ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ कथा का आयोजन कराया। इस अवसर पर मनोज तिवारी, बड़के तिवारी, भगवंती तिवारी, राम कृपाल तिवारी सहित समस्त तिवारी परिवार की सहभागिता रही।

कथाव्यास परम पूज्य आचार्य श्री प्रकाश तिवारी जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का महात्म्य बताते हुए कहा कि सच्ची भक्ति के लिए मन का निर्मल होना, भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा, प्रेम और पूर्ण समर्पण आवश्यक है। भक्ति में दिखावा नहीं, बल्कि सच्चा भाव होना चाहिए। भगवान भाव के भूखे हैं और निष्कपट हृदय से की गई प्रार्थना सदैव स्वीकार करते हैं।

महाराज श्री ने राजा परीक्षित के जन्म का दिव्य प्रसंग सुनाते हुए भगवान श्रीकृष्ण की भक्तवत्सलता एवं भक्तों की रक्षा करने वाली कृपा का भावपूर्ण वर्णन किया। इसके साथ ही भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती के पावन विवाह प्रसंग का सुंदर वर्णन किया। शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा पंडाल हर-हर महादेव और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।


Nov 16, 2026

November 16, 2026

निराश्रित गोवंशों को सड़कों से हटाकर नजदीकी गौशालाओं में संरक्षित कराएं अधिकारी : राजेश सिंह सिंगर



गौशालाओं में हरा चारा, स्वच्छ पेयजल, दवाओं एवं गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करें : सदस्य गो सेवा आयोग


जिलाधिकारी ने शीतलहर से गोवंशों के बचाव हेतु सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के दिए निर्देश


गोण्डा - कलेक्ट्रेट सभागार में माननीय सदस्य गो सेवा आयोग  राजेश सिंह सिंगर की अध्यक्षता में गोवंश संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, डीसी मनरेगा, डीसी एनआरएलएम, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में सदस्य गो सेवा आयोग राजेश सिंह सिंगर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में सड़क पर निराश्रित गोवंश दिखाई देता है तो उस क्षेत्र के संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों का दायित्व है कि तत्काल गोवंश को नजदीकी गौशाला में संरक्षित कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर निराश्रित गोवंशों का विचरण किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति द्वारा अपना गोवंश लावारिस छोड़ने की जानकारी प्राप्त होती है तो संबंधित व्यक्ति को चिह्नित करते हुए नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिकारी नियमित रूप से गौशालाओं का निरीक्षण करें तथा वहां उपलब्ध खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक सामान की गुणवत्ता और एक्सपायरी तिथि की जांच अवश्य करें। गौवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में हरे चारे, स्वच्छ पेयजल एवं समुचित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। बीमार गोवंशों के उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा उनके खानपान पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी भी गोवंश को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने माननीय सदस्य गो सेवा आयोग का आभार व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी शीतलहर को देखते हुए गोवंशों के बचाव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। गौशालाओं में ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम, पशुओं के लिए चारा, स्वच्छ पानी एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा नियमित रूप से निगरानी की जाए।

बैठक के पहले माननीय सदस्य गो सेवा आयोग श्री राजेश सिंह सिंगर द्वारा जनपद की दो गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। इनमें गौशाला तेंदुआ रानीपुर, छपिया तथा गौशाला दौलतपुर, बभनजोत शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान गौशालाओं में गोवंशों के संरक्षण, खानपान, स्वास्थ्य एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोवंश संरक्षण के कार्य को पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी गौशालाओं में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
November 16, 2026

दिव्यांग बुजुर्ग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत का डीआईजी ने लिया संज्ञान,पीड़ित दिव्यांग की पीड़ित के अधिवक्ता से फोन पर की वार्ता


गोण्डा - आज दिनांक 16.11.2026 को शिविर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग बुजुर्ग काशीराम वर्मा पुत्र राम निधि, निवासी ग्राम महाराजगंज, थाना खोड़ारे, जनपद गोण्डा द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्ड अशोक कुमार के समक्ष उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र दिया गया। पीड़ित ने अवगत कराया कि उनके ही गांव के निवासी विपक्षी सुनील पुत्र शिवपूजन एवं उनके परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा उनकी कृषि योग्य भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। पीड़ित के अनुसार, जब भी वह अपनी भूमि पर फसल की बुवाई करने का प्रयास करते हैं, तो विपक्षीगण द्वारा लाठी-डंडों से मारपीट करने की धमकी दी जाती है, जिसके कारण वह अपनी ही भूमि पर खेती नहीं कर पा रहे हैं। पीड़ित द्वारा यह भी बताया गया कि उक्त भूमि का सीमांकन पूर्व में कराया जा चुका है।

प्रकरण की गंभीरता एवं पीड़ित बुजुर्ग की समस्या को संवेदनशीलता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक महोदय द्वारा तत्काल संबंधित अधिकारियों से पत्राचार कर आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही पीड़ित के अधिवक्ता से तत्काल दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर प्रकरण में प्रभावी विधिक कार्यवाही सुनिश्चित कराने तथा पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करने की बात कही गई।

पुलिस उपमहानिरीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेकर पीड़ितों को न्याय दिलाना तथा उनकी समस्याओं का नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।
November 16, 2026

जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना





गोण्डा - सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजनमानस को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर से परिवहन विभाग द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा संचालित इस विशेष जागरूकता अभियान के अंतर्गत दो पिकअप वैन के माध्यम से आगामी 15 दिनों तक जनपद के विभिन्न स्थानों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इन वाहनों के जरिए जनपदवासियों को सड़क सुरक्षा के नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा ओवरस्पीडिंग से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने 50 से अधिक मोटरसाइकिलों तथा दो पिकअप वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात संकेतों एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।

उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। प्रत्येक व्यक्ति सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, एआरटीओ (प्रशासन) आरसी भारतीय सहित परिवहन विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।