Nov 17, 2026

शुरू हुआ कोहरे का कहर, NH-30 पर डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रौंदा, 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत,2 की हालत गंभीर



सीतापुर - घने कोहरे ने एक बार फिर भीषण हादसे को न्योता दे दिया। नेशनल हाईवे 30 पर अटरिया थानाक्षेत्र अंतर्गत सहजनपुर के पास तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पर बैठे 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सभी मजदूर लखनऊ से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। सुबह-सुबह घने कोहरे के कारण NH-30 पर विजिबिलिटी न के बराबर थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे बेकाबू डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती

सूचना पर पहुंची अटरिया पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रॉली से बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां दो घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
 मृतकों की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। 

मजदूरों की मौत से गांव में मातम

वहीं एक साथ तीन मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजन रो रो कर बेहाल हो रहे हैं।

No comments: