Nov 17, 2026

श्रीमद्भागवत कथा में भक्ति, परीक्षित जन्म एवं शिव-पार्वती विवाह प्रसंग सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु


सकरौरा सरयू नगर में कथा के दौरान गूंजे भगवान श्रीकृष्ण एवं हर-हर महादेव के जयकारे

करनैलगंज/गोण्डा - सकरौरा के सरयू नगर, निकट तिवारी पुरवा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पावन अवसर पर कथा व्यास परम पूज्य आचार्य श्री प्रकाश तिवारी महाराज के श्रीमुख से भक्ति और ज्ञान की अमृतधारा प्रवाहित हुई। कथा आचार्य प्रेमानंद तिवारी जी महाराज, अयोध्या धाम की गरिमामयी उपस्थिति में कथा का भक्तिमय आयोजन संपन्न हुआ।

कथा के मुख्य यजमान शिव नारायण तिवारी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती ज्ञानवती तिवारी सहित समस्त तिवारी परिवार ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ कथा का आयोजन कराया। इस अवसर पर मनोज तिवारी, बड़के तिवारी, भगवंती तिवारी, राम कृपाल तिवारी सहित समस्त तिवारी परिवार की सहभागिता रही।

कथाव्यास परम पूज्य आचार्य श्री प्रकाश तिवारी जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का महात्म्य बताते हुए कहा कि सच्ची भक्ति के लिए मन का निर्मल होना, भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा, प्रेम और पूर्ण समर्पण आवश्यक है। भक्ति में दिखावा नहीं, बल्कि सच्चा भाव होना चाहिए। भगवान भाव के भूखे हैं और निष्कपट हृदय से की गई प्रार्थना सदैव स्वीकार करते हैं।

महाराज श्री ने राजा परीक्षित के जन्म का दिव्य प्रसंग सुनाते हुए भगवान श्रीकृष्ण की भक्तवत्सलता एवं भक्तों की रक्षा करने वाली कृपा का भावपूर्ण वर्णन किया। इसके साथ ही भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती के पावन विवाह प्रसंग का सुंदर वर्णन किया। शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा पंडाल हर-हर महादेव और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।


No comments: