Nov 20, 2026

लखनऊ में छात्राओं के लिए STEM लैब का उद्घाटन, 5,010 छात्राओं को मिलेगा लाभ


लखनऊ -  छात्राओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित की व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ने के लिए KHUSHII NGO द्वारा करामात हुसैन मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज, फैजाबाद रोड में STEM लैब का भव्य उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विष्णु कांत पांडेय, ASPD उत्तर प्रदेश समग्र शिक्षा माध्यमिक, संतोष मिश्रा, DC समग्र शिक्षा लखनऊ एवं डॉ. दिनेश कुमार अग्रवाल, मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी उपस्थित रहे। AECOM की ओर से शशांक कबरा एवं अभिषेक सैनी, KHUSHII की ओर से गीता भट्ट, डायरेक्टर प्रोजेक्ट्स एवं ऋचा बासन, रीजनल मैनेजर उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर लैब का उद्घाटन किया। प्रधानाचार्या उज़्मा सिद्दीकी भी मौजूद रहीं।

विज्ञान प्रदर्शनी में छात्राओं ने दिखाया हुनर
इस अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी का भी आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं ने कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए।

प्रथम: ईशा शुक्ला, कक्षा 10-B, Working Model of Polygon
- द्वितीय: बुशरा व टीम, कक्षा 10-C, Working Model of Human Eye
- तृतीय: शाना बानो, कक्षा 9-B, Working Model of Algebraic Formula

विष्णु कांत पांडेय ने छात्राओं के मॉडलों की सराहना की और उन्हें राज्य स्तर पर प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रोजेक्ट्स की PDF प्रस्तुत करने को भी कहा।

4 स्कूलों में चलेगा कार्यक्रम

KHUSHII NGO द्वारा AECOM के सहयोग से लखनऊ के 4 विद्यालयों में STEM लैब कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसमें करामात हुसैन मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज के साथ ए.पी. सेन मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज चारबाग, नवयुग कन्या विद्यालय इंटर कॉलेज राजेंद्र नगर तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शमीना शामिल हैं। इस पहल से कुल 5,010 छात्राओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य है।

STEM लैब छात्राओं को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर स्वयं प्रयोग करने, प्रश्न पूछने और नए विचार विकसित करने का अवसर देगी, जिससे उनमें आत्मविश्वास और भविष्य की तैयारियों को मजबूती मिलेगी।

No comments: