Nov 17, 2026

मतदाता सूची में डुप्लीकेट नामों की प्रविष्टि रोकने के लिए जन सेवा केंद्र संचालकों को दिया गया प्रशिक्षण






फॉर्म-6 भरते समय निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश, जनगणना में स्वगणना की प्रक्रिया की भी दी गई जानकारी

गोण्डा -  मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से एक ही व्यक्ति द्वारा बार-बार आवेदन किए जाने से उत्पन्न होने वाली दोहरी एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को रोकने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में जनपद के समस्त जन सेवा केंद्र संचालकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में फॉर्म-6 भरने की निर्धारित प्रक्रिया, आवेदन के सफलतापूर्वक सबमिशन तथा आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अमित कुमार गुप्ता द्वारा प्रदान किया गया। उन्होंने जन सेवा केंद्र संचालकों को निर्देशित किया कि फॉर्म-6 भरते समय निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अनिवार्य रूप से पालन करें। आवेदन में आवेदक का वास्तविक एवं सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करें तथा आधार ई-साइन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदन का अंतिम सबमिशन अवश्य सुनिश्चित करें। आवेदन जमा होने के बाद प्राप्त रेफरेंस नंबर को सुरक्षित रखने और उसकी जानकारी आवेदक को उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने बताया कि केवल एसएमएस प्राप्त न होने की स्थिति में आवेदन को असफल नहीं माना जाना चाहिए। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने पर स्क्रीन पर प्रदर्शित रेफरेंस नंबर का स्क्रीनशॉट अथवा विवरण आवेदक को उपलब्ध कराया जाए, ताकि एक ही व्यक्ति द्वारा बार-बार फॉर्म-6 भरने की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके साथ ही आवेदन में सही नाम, पूर्ण डाक पता एवं पिन कोड दर्ज करने तथा अंतिम सबमिशन से पूर्व आवेदक से सभी विवरणों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। आवेदन से संबंधित किसी भी समस्या अथवा उसकी स्थिति की जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 एवं वेबसाइट voters.eci.gov.in का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना के अंतर्गत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) किए जाने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस विषय पर विनीत मिश्रा, जनगणना संबंधी अधिकारी एवं राकेश शुक्ला, मास्टर ट्रेनर द्वारा जन सेवा केंद्र संचालकों को प्रशिक्षित किया गया।

इस अवसर पर सचिन कुमार, उपजिलाधिकारी, मोहम्मद जमा, नायब तहसीलदार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तथा डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सीएससी एवं डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आईपीसीएल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में दोनों संस्थाओं से सैकड़ों की संख्या में जन सेवा केंद्र संचालकों ने प्रतिभाग किया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों पर प्रभावी रोक लगाना, आवेदन प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाना तथा शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता नामावली तैयार करने में जन सेवा केंद्र संचालकों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना है। साथ ही जनगणना में स्वगणना प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा।

No comments: