Oct 11, 2026

जिलाधिकारी के निर्देश पर वनटांगिया ग्रामों में पशुपालन विभाग ने लगाया कैम्प, पशुओं को वितरित की गई दवाएं



संचारी रोग अभियान के प्रति ग्रामीणों को किया गया जागरूक, पशुओं के टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा पर दिया गया जोर

गोण्डा - जनपद में पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण एवं ग्रामीणों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा विकासखण्ड नवाबगंज के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में कैम्प लगाकर दवा वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार वनटांगिया ग्राम महेशपुर, रामगढ़ तथा ग्राम पंचायत वजीराबाद एवं सतिया में आयोजित इन कैम्पों के माध्यम से ग्रामीणों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, समय से उपचार तथा रोगों से बचाव के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

कैम्प के दौरान पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पशुओं के लिए आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। साथ ही ग्रामीणों को संचारी रोग अभियान के उद्देश्यों, रोगों की रोकथाम तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। ग्रामीणों को जागरूक किया गया कि पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना, समय-समय पर आवश्यक उपचार कराना तथा निर्धारित समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इससे पशुओं को विभिन्न बीमारियों से बचाने के साथ ही पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान को भी कम किया जा सकता है।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से कैम्प आयोजित कर पशुओं का टीकाकरण कराया जाए तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि संचारी रोग अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को बीमारियों से बचाव, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाए, ताकि जनसामान्य में जागरूकता बढ़े और रोगों के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विभागीय योजनाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करने पर जोर दिया। इन प्रयासों का उद्देश्य पशुधन की सुरक्षा, पशुपालकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वस्थ एवं जागरूक वातावरण तैयार करना है।

No comments: