गोण्डा - साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में गृह मंत्रालय, भारत सरकार के एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल, समन्वय, जेएमआईएस (JMIS) पोर्टल, प्रतिबिम्ब एवं अन्य डिजिटल इंटेलिजेंस माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं के परीक्षण में प्रकाश में आया कि पीओएस एजेंट अजय कुमार सिंह द्वारा जारी किए गए कई सिम कार्डों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में वित्तीय साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज हैं। जांच के दौरान संबंधित सिम धारकों से पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उन्होंने केवल अपने निजी उपयोग हेतु सिम प्राप्त किए थे तथा उनके नाम पर जारी अन्य संदिग्ध सिम कार्डों की उन्हें जानकारी नहीं थी। उक्त तथ्यों के आधार पर थाना कोतवाली देहात में मु0अ0सं0 972/2026 धारा 318(4), 338 बीएनएस एवं धारा 66C, 66D आईटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
दिनांक 11.10.2026 को थाना कोतवाली देहात पुलिस एवं साइबर सेल गोण्डा की संयुक्त टीम द्वारा मुकदमा उपरोक्त में वांछित अभियुक्त अजय कुमार सिंह को मुखबिर की सूचना पर बालपुर जाट केशवजोत मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो एयरटेल सिम कार्ड तथा एक कूटरचित आधार कार्ड बरामद किया गया।
अपराध करने का तरीका
जांच में प्रकाश में आया कि अभियुक्त अजय कुमार सिंह अधिकृत सिम विक्रेता (पीओएस एजेंट कोडः 03381995AJAYINGH) है। अभियुक्त सिम खरीदने अथवा पोर्ट कराने आने वाले ग्राहकों से सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर एक से अधिक बार फेस केवाईसी कराता था। इसके बाद ग्राहक को एक सिम उपलब्ध कराने के साथ ही उसी ग्राहक की दोबारा कराई गई फेस केवाईसी का दुरुपयोग कर दूसरा सिम एक्टिवेट कर लेता था। इसके अतिरिक्त फोटो एडिट कर कूटरचित आधार कार्ड तैयार करने तथा अन्य ग्राहकों की फेस आईडी का दुरुपयोग कर अवैध रूप से सिम एक्टिवेट करने की बात भी प्रकाश में आई है। अभियुक्त इन सिम कार्डों को टेलीग्राम एवं व्हाट्सएप के माध्यम से साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था तथा कथित तौर पर साइबर धोखाधड़ी की कुल धनराशि का 25 प्रतिशत नकद कमीशन कूरियर के माध्यम से प्राप्त करता था।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
01- अजय कुमार सिंह पुत्र धनलाल सिंह, निवासी ठठिया मठिया, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोण्डा
No comments:
Post a Comment