Oct 9, 2026

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य शिक्षा तथा संतुलित आहार एवं पोषण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


करनैलगंज/गोण्डा  - माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर से संबद्ध सरयू महाविद्यालय, करनैलगंज में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘स्वास्थ्य शिक्षा तथा संतुलित आहार एवं पोषण’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, पौष्टिक आहार तथा बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. बी. सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के आधार हैं। विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद तथा व्यक्तिगत स्वच्छता को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में संतुलित आहार एवं पोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हरी सब्जियों, मौसमी फलों, दालों, दूध, अनाज तथा प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन की आवश्यकता बताई गई। साथ ही, जंक फूड एवं अत्यधिक तैलीय खाद्य पदार्थों के सेवन को सीमित करने, स्वच्छ पेयजल पीने और नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से कुपोषण एवं पोषण संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है। युवाओं को स्वयं स्वस्थ रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज में भी स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता फैलानी चाहिए।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें डॉ. शैलेंद्र बहादुर सिंह, डॉ. मार्शल स्टालिन, डॉ. त्रिपुरारी दुबे, डॉ. (श्रीमती) ममता मिश्रा, डॉ. अंतिमा सिंह, डॉ. पवन कुमार मिश्रा, जगन्नाथ तिवारी, एस. पी. सिंह, ओ. पी. सिंह, शिव कुमार मौर्य, विजय यादव, बृजेश सिंह, अमित सिंह, अमित कुमार सिंह, डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. संजय सिंह, राहुल श्रीवास्तव, विनोद पांडेय, आशीष सिंह, उमेश पाठक सहित अन्य कर्मचारी,और छात्र छात्राये उपस्थित रहे।

No comments: