Oct 10, 2026

कर्नलगंज कोतवाली से महज कुछ दूरी पर 26 लाख की चोरी,पुलिस 6 दिन बाद भी खुलासा करने में नाकाम

 



गोण्डा  - कोतवाली करनैलगंज से महज कुछ दूरी पर स्थित मोहल्ला कुम्हरगढ़ी वार्ड नंबर-4 में शनिवार की रात हुई लाखों रूपए के जेवरात व नगदी की बड़ी चोरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। बताया जाता है कि चोरों ने एक सरकारी कर्मचारी के घर से 26 लाख के जेवरात और नकदी पार कर दी, लेकिन 6 दिन बाद भी पुलिस एक भी सुराग नहीं जुटा पाई है और अभी तक खाली हाथ है।

थाने के नाक के नीचे 26 लाख की सेंध

पीड़ित अतुल कुमार मौर्य पुत्र सहदेव मौर्य पशु अस्पताल में बतौर सरकारी कर्मचारी हैं, उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर की रात वह सपरिवार खाना खाकर सो गए। रात 12 से 3 बजे के बीच चोर छत के रास्ते घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर सोने का हार, एक जोड़ी कंगन, मांग टीका, दो बड़ी व तीन छोटी सोने की जंजीर, तीन अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, दो चांदी के कड़वे, कीमत करीब 24 लाख सोने के जेवरात, 2 लाख की चांदी और 85 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना के दो दिन बाद 5 अक्टूबर को थाना करनैलगंज में मु0अ0सं0 593/26 धारा 305(A), 331(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज हुआ।

पुलिस के 3 बड़े खेल उजागर

1. तहरीर में 85 हजार, एफआईआर से गायब:
पीड़ित ने तहरीर में 85 हजार नकद का उल्लेख किया था, लेकिन पुलिस ने एफआईआर में नकदी का जिक्र ही हटा दिया।

2. मौके पर घोर लापरवाही: इतनी बड़ी वारदात के बाद भी इंस्पेक्टर करनैलगंज ने न मौके पर डॉग स्क्वायड बुलाया, न फोरेंसिक टीम और न ही उच्चाधिकारियों को सूचना देना मुनासिब समझा।

3. पर्दाफाश नहीं, लीपापोती
  6 दिन बीत गए, न कोई सुराग, न बरामदगी। पुलिस सिर्फ आश्वासन दे रही है।

वारदात से पहले आई लड़की बनी अहम कड़ी

पीड़ित ने पुलिस को एक अहम सुराग भी दिया है। वारदात वाले दिन 3 अक्टूबर को शाम 6:30 और रात 8:15 बजे एक पड़ोसी लड़की, जो पहले कभी घर नहीं आती थी, घर आई और वृद्ध मां के फोन से बात करके चली गई। बगल के ही अखिलेश मौर्य ने अपने भाई विकास से कहा कि अगर आलोक और वह लड़की पकड़े जाएं तो चोरी का खुलासा हो सकता है। यह जानकारी विकास ने पीड़ित को दी और पीड़ित ने पुलिस को भी दी, लेकिन पुलिस ने आज तक उस एंगल पर जांच तक नहीं की।

घर रिहायशी इलाके में है और आसपास कई सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, फिर भी शातिर चोर पुलिस की पकड़ से दूर हैं। अब पीड़ित ने एसपी गोंडा से स्थानीय थाने की जगह अपने स्तर से निष्पक्ष जांच टीम गठित कर खुलासा कराने की गुहार लगाई है।
वहीं चोरी की इतनी वारदात का खुलासा अभी तक ना होने से मोहल्ले में भय का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


No comments: