Oct 11, 2026

मुख्यमंत्री जी ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत आशीर्वाद पत्र प्रदान कर बढ़ाया उत्साह, शिक्षा के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की दी प्रेरणा



 गोण्डा - नवरात्रि एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर माँ पाटेश्वरी मंदिर परिसर में दिव्यता, संस्कार एवं शिक्षा का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला।  मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने ‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के अंतर्गत छात्राओं को स्टडी टेबल एवं आशीर्वाद पत्र वितरित किए। माँ शैलपुत्री के आशीर्वादमय सान्निध्य में आयोजित इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अभियान के अंतर्गत एक लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूर्ण होने की महत्वपूर्ण उपलब्धि भी रेखांकित की गई। मुख्यमंत्री ने बच्चों को व्यक्तिगत आशीर्वाद पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें मेहनत, लगन एवं अनुशासन के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

नवरात्रि का पावन अवसर जहाँ शक्ति, श्रद्धा एवं संस्कार का प्रतीक है, वहीं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस बालिकाओं की शिक्षा, समान अवसरों एवं सशक्तीकरण के महत्व को रेखांकित करता है। इन दोनों अवसरों के संगम पर आयोजित यह पहल बालिकाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश देती है।


देवीपाटन मंडल में स्टडी टेबल के वितरण लक्ष्य के सापेक्ष अधिक होने पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की विशेष प्रशंसा की तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों को और बेहतर एवं संचालन में गति प्रदान कर आगे बढ़ाये।

‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को घर पर अध्ययन के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक एवं संसाधन संबंधी कठिनाइयाँ उनकी पढ़ाई में बाधा न बनें। अभियान के अंतर्गत एक लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूर्ण होना देवीपाटन मण्डल में विद्यार्थियों को अध्ययन की बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

स्टडी टेबल मिलने से विद्यार्थियों को घर पर व्यवस्थित ढंग से बैठकर पढ़ाई करने, नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने तथा एकाग्रता एवं अनुशासन के साथ अपने शैक्षिक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रयास करने में सहायता मिलेगी। यह पहल बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास विकसित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक होगी।

मुख्यमंत्री के व्यक्तिगत आशीर्वाद पत्र से विद्यार्थियों का बढ़ा उत्साह

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विद्यार्थियों को व्यक्तिगत आशीर्वाद पत्र प्रदान करना इस पहल का विशेष आकर्षण रहा। आशीर्वाद पत्र बच्चों के लिए प्रेरणा एवं प्रोत्साहन का माध्यम हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को मेहनत, लगन, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश मिलता है।

यह पहल विद्यार्थियों को यह विश्वास दिलाने का प्रयास है कि उनकी शिक्षा, प्रतिभा एवं उज्ज्वल भविष्य महत्वपूर्ण हैं। उचित मार्गदर्शन, अनुकूल अध्ययन वातावरण और निरंतर परिश्रम के बल पर वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं तथा परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिका शिक्षा एवं सशक्तीकरण का संदेश

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर स्टडी टेबल वितरण की यह पहल बालिकाओं की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के महत्व को विशेष रूप से रेखांकित करती है। शिक्षा बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है।

नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ शैलपुत्री के आशीर्वादमय सान्निध्य में यह पहल शिक्षा एवं संस्कार के महत्व को जोड़ते हुए बालिकाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

शिक्षित देवीपाटन, विकसित देवीपाटन’ के संकल्प को मिल रही गति

‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के माध्यम से गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती जनपदों में विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य केवल स्टडी टेबल वितरित करना नहीं, बल्कि बच्चों में नियमित अध्ययन, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी है।

एक लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूर्ण होना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल ‘शिक्षित देवीपाटन, विकसित देवीपाटन’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का अवसर उपलब्ध कराने की भावना को साकार करती है।

इस अवसर पर मण्डलायुक्त  दुर्गा शक्ति नागपाल,पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ल, जिलाधिकारी  विपिन जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता तथा बेसिक शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments: