अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
कैसरगंज (बहराइच) विशेष स्वच्छता अभियान के तहत गुरुवार को ब्लॉक मुख्यालय कैसरगंज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। खंड विकास अधिकारी सुरेश प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित अभियान में अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान खंड विकास अधिकारी ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता बेहद जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में साफ-सफाई को नियमित रूप से शामिल करना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से अपने स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा समय निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है।सहायक विकास अधिकारी पंचायत राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही वास्तविक धन है। यदि व्यक्ति का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहेगा तो दैनिक कार्यों पर भी उसका प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अपने घर और आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही गांवों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाया जा सकता है। स्वच्छ वातावरण से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के साथ साफ-सुथरा माहौल भी मिलेगा।अभियान में एपीओ जितेंद्र सिंह, एडीओ आरडी अजय त्रिपाठी, ब्लॉक अकाउंटेंट मोहम्मद आफताब, ब्लॉक कंप्यूटर ऑपरेटर सर्वेश कुमार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रितेश जायसवाल, रवि सिंह पवार, सुधीर कुमार मौर्य, प्रदीप कुमार सहित ब्लॉक के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment