मरीमाता मंदिर मेले की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्थाएं
जलभराव से लेकर सफाई, संपर्क मार्ग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक विभागवार जिम्मेदारी तय कर समय से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
बहराइच -शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 11 अक्टूबर 2026 को श्री मरीमाता मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने आज मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के आवागमन, जलभराव, साफ-सफाई एवं संपर्क मार्ग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास जलभराव पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बहराइच को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर समुचित साफ-सफाई कराई जाए तथा कहीं भी गंदगी एवं जलभराव की स्थिति न रहने पाए।जिलाधिकारी ने मुख्य मार्ग से मंदिर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभाग को मार्ग की आवश्यक मरम्मत समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मेले से पूर्व सभी संपर्क मार्ग सुगम एवं सुरक्षित स्थिति में होने चाहिए। नगर पालिका एवं विकास विभाग को सफाई, जल निकासी तथा आसपास के क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि नालियों की सफाई के साथ जल निकासी के लिए आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित कर लिए जाएं, जिससे बारिश की स्थिति में भी जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। पुलिस विभाग को मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं विभागवार जिम्मेदारी तय करते हुए समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन से पूर्व व्यवस्थाओं का पुनः स्थलीय सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो।


No comments:
Post a Comment