Oct 1, 2026

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 5 अक्टूबर से




ट्रेडवार निर्धारित तिथियों पर अभ्यर्थियों को आवश्यक अभिलेखों के साथ होना होगा उपस्थित

साक्षात्कार में अनुपस्थित आवेदकों के आवेदन पर नहीं होगा विचार

गोण्डा  - विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अन्तर्गत परम्परागत कारीगरों को 10 दिवसीय प्रशिक्षण एवं प्रशिक्षण के उपरान्त उन्नत टूलकिट प्रदान किए जाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का ट्रेडवार साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गोण्डा ने बताया कि योजना के अन्तर्गत बढ़ई, नाई, लोहार, राजमिस्त्री, कुम्हार, धोबी, मोची, हलवाई, सिलाई, सोनार, मूर्तिकार, मालाकार, दूधवाला, भरभूजा, मछुवार, मोबाइल मरम्मत, ऑटोमोबाइल मरम्मत, इलेक्ट्रॉनिक सामान मरम्मत, विद्युत सामान मरम्मत, प्लम्बर, कम्प्यूटर मरम्मत, सोलर इंस्टॉलेशन, डिजिटल फोटोग्राफी, सौन्दर्य एवं वेलनेस तथा टोकरी बुनकर सहित कुल 25 ट्रेड शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों में बढ़ई ट्रेड का साक्षात्कार 05 अक्टूबर, लोहार ट्रेड का 06 अक्टूबर, राजमिस्त्री ट्रेड का 07 अक्टूबर तथा नाई, मोची एवं धोबी ट्रेड का साक्षात्कार 08 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। सभी साक्षात्कार पूर्वाह्न 11 बजे से जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गोण्डा में होंगे।

अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय आधार कार्ड एवं जाति प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य है। यदि कोई अभ्यर्थी परम्परागत कारीगरी करने वाली संबंधित जाति से भिन्न है, तो उसे ग्राम प्रधान अथवा नगर पंचायत/नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा संबंधित ट्रेड में कार्य करने का प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।

उपायुक्त उद्योग ने संबंधित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि, स्थान एवं समय पर सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर साक्षात्कार में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में अनुपस्थित रहने वाले आवेदकों के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

No comments: