करनैलगंज/गोण्डा - माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर से संबद्ध सरयू महाविद्यालय, करनैलगंज में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “पर्यावरण संरक्षण में मानव की भूमिका” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण मानव जीवन का आधार है। वायु एवं जल प्रदूषण, वनों की कटाई, प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग तथा प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन से पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसी स्थिति में पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।
प्राचार्य डॉ. आर. बी. सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण एवं पौधों की देखभाल, जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए प्रयास ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी पर्यावरण संरक्षण से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए। इस दौरान वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता, जैव विविधता संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. संजय सिंह, डॉ. मार्शल स्टालिन, डॉ. ओ. पी. सिंह, डॉ. पवन कुमार मिश्रा, डॉ. जावेद अहमद, प्रवेश कुमार, शिव कुमार मौर्य, स्वामी नाथ चौधरी, विजय यादव, बृजेश सिंह, अमित सिंह, राहुल श्रीवास्तव, विनोद पांडेय, आशीष सिंह एवं उमेश पाठक सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।
अंत में उपस्थित शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment