Oct 8, 2026

23 अक्टूबर को होगा गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन का मतदान




गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026: 22 अक्टूबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

गोण्डा - गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए जनपद गोण्डा में मतदान दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक निर्धारित 12 मतदेय स्थलों पर कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा बताया गया कि मतदान को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियों तथा जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रस्थान 22 अक्टूबर 2026 को जिला पंचायत सभागार, गोण्डा से कराया जाएगा।

मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा एवं गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत सभागार, गोण्डा के बगल स्थित कमरे को अस्थाई स्ट्रांग रूम घोषित किया गया है। मतदान सम्पन्न होने के बाद सभी सील्ड मतपेटिकाओं, गोपनीय अभिलेखों तथा संबंधित प्रपत्रों को अस्थाई स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।

सभी पोलिंग पार्टियों की वापसी के उपरांत सील्ड मतपेटिकाओं एवं गोपनीय अभिलेखों को पीठासीन अधिकारी तथा नियुक्त मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में सशस्त्र पुलिस बल की अभिरक्षा में निर्धारित जमा स्थल पं. दीनदयाल उपाध्याय, गोरखपुर विश्वविद्यालय में दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को जमा कराया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

No comments: