Sep 24, 2026

कैसरगंज में नए BEO अरविंद बहादुर सिंह का भव्य स्वागत

 राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने किया अभिनंदन; शिक्षा गुणवत्ता और शिक्षक हितों पर हुई चर्चा


कैसरगंज: कैसरगंज विकासखंड में प्रभारी नए खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) के रूप में अरविंद बहादुर सिंह ने कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विकासखंड कार्यालय पहुंचकर उनका हार्दिक स्वागत किया।महासंघ के अध्यक्ष उमेश सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों के दल ने नए अधिकारी का स्वागत किया। इस दौरान शॉल और गुलदस्ता भेंट कर उनका सम्मान किया गया। साथ ही, सांस्कृतिक परंपराओं का निवाह करते हुए भगवान रामलला का चित्र भी भेंट किया गया, जिसे अधिकारी ने स्नेहपूर्वक स्वीकार किया।इस मुलाकात के दौरान शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और शिक्षकों की समस्याओं सहित शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा हुई।खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद बहादुर सिंह ने बातचीत के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक माहौल बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं और उनके सहयोग व आपसी तालमेल से ही बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा दी जा सकती है। उन्होंने शिक्षक हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक बातचीत जारी रखने का आश्वासन भी दिया।महासंघ के अध्यक्ष उमेश सिंह ने इस अवसर पर कहा कि संगठन हमेशा शिक्षकों के हितों के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विभाग के साथ मिलकर काम करता रहेगा। महासंघ की इस मुलाकात को शिक्षक और विभाग के बीच बेहतर तालमेल की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।इस अवसर पर संगठन महामंत्री मनीष सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद शर्मा, महामंत्री बृजेश प्रताप चौधरी, कोषाध्यक्ष अरविंद शुक्ला के साथ अनिल, कमलेश राव, आशीष रत्न प्रकाश श्रीवास्तव, इंद्रा मोहन यादव, सर्वेंद्र और अखंड प्रताप सिंह समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

No comments: