करनैलगंज/गोण्डा - तहसील करनैलगंज क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-गोंडा नेशनल हाईवे से पशु चिकित्सालय भंभुवा, गंधर्व पुरवा गांव, प्राथमिक विद्यालय भंभुवा और सरयू स्टेशन को जोड़ने वाला एकमात्र संपर्क मार्ग आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। यह मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बच्चों की पढ़ाई पर संकट, मरीजों को दिक्कत
स्थानीय ग्रामवासियों ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना 300 से अधिक स्कूली बच्चों का आवागमन होता है। प्राथमिक विद्यालय भंभुवा के नौनिहाल कीचड़ और गड्ढों से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। बरसात के दिनों में तो हालात और भी भयावह हो जाते हैं। वहीं पशु चिकित्सालय जाने वाले पशुपालकों और सरयू स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग सिर्फ एक सड़क नहीं बल्कि क्षेत्र की लाइफलाइन है जो हाईवे को गांव से जोड़ती है। इसके क्षतिग्रस्त होने से विकास अवरुद्ध हो गया है।ग्रामवासियों ने भंभुवा व गंधर्व पुरवा ने जिलाधिकारी गोंडा और लोक निर्माण विभाग से संयुक्त रूप से मांग की है कि इस जनहित के मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत और पक्का निर्माण कराया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और आम ग्रामीणों को राहत मिल सके।
No comments:
Post a Comment