पूर्ति विभाग की त्वरित कार्रवाई से शिकायतकर्ता को मिला शासन की योजना का लाभ
गोण्डा - कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी क्रम में शिकायतकर्ता शबनम जहाँ पत्नी हसन मोहम्मद, निवासी ग्राम सकरौरा, तहसील करनैलगंज, ने जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपनी पारिवारिक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनके परिवार के पास आजीविका का कोई स्थायी साधन नहीं है, जिसके कारण उन्हें खाद्यान्न की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आर्थिक तंगी के चलते परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है तथा उनके पास पात्र गृहस्थी का राशन कार्ड भी उपलब्ध नहीं था, जिससे उन्हें शासन द्वारा संचालित सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से शीघ्र संपर्क स्थापित कर उनकी पात्रता का परीक्षण करते हुए नियमानुसार पात्र गृहस्थी का राशन कार्ड बनवाकर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को समय पर खाद्यान्न का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी के निर्देशों का तत्काल अनुपालन करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने शिकायतकर्ता शबनम जहाँ से संपर्क स्थापित किया और आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए उनके परिवार के लिए पांच यूनिट का पात्र गृहस्थी राशन कार्ड तैयार कराया। इसके उपरांत जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने स्वयं शिकायतकर्ता को राशन कार्ड प्रदान किया तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नियमित रूप से प्राप्त होने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे। जनता दर्शन का उद्देश्य भी यही है कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति को उसके अधिकारों एवं सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े। जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है।
No comments:
Post a Comment