बाढ़ पीड़ितों तक हर हाल में पहुंचे राहत सामग्री, विकास कार्यों में भी तेजी लाएं अधिकारी : प्रभारी मंत्री आशीष पटेल
गोण्डा - जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले के मंत्री आशीष पटेल ने बुधवार को ऐली परसौली गांव पहुंच कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया एवं बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर राहत सामग्री वितरित की। इसके बाद जिला पंचायत सभागार में उनकी अध्यक्षता में जनपद स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों में जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों और प्रभावी निगरानी की सराहना करते हुए अधिकारियों को राहत कार्यों को पूरी तत्परता से जारी रखने के निर्देश दिए। ऐली परसौली में आयोजित राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने 500 बाढ़ राहत सामग्री किट वितरित कीं। इसके अलावा नदी कटान से प्रभावित छह कृषकों को पांच-पांच हजार रुपये के चेक भी प्रदान किए गए। बाढ़ राहत कार्य में लगे दो लेखपालों को आवश्यक बाढ़ राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
जिलाधिकारी की अभिनव पहल की प्रभारी मंत्री ने की सराहना
जिलाधिकारी की अभिनव पहल के तहत बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री किट के साथ छाता, टॉर्च और मच्छरदानी भी वितरित की गई। प्रभारी मंत्री ने इस पहल की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की जरूरतों को समझते हुए राहत सामग्री के साथ दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की भी व्यवस्था की है। इससे प्रभावित परिवारों को कठिन परिस्थितियों में काफी मदद मिलेगी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। घाघरा नदी सहित अन्य नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए समय रहते की गई तैयारियां सराहनीय हैं। उन्होंने जिलाधिकारी के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही निगरानी, राहत सामग्री की उपलब्धता, बाढ़ चौकियों की स्थापना तथा प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सक्रियता के कारण राहत कार्यों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि आने वाले दिनों में यदि कोई अन्य परिवार बाढ़ से प्रभावित होता है तो उसे भी तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। कोई भी पात्र परिवार राहत से वंचित नहीं रहना चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि यदि कोई परिवार किसी कारणवश प्रशासन की नजर से छूट गया हो तो उसकी जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराकर उसे राहत दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित परिवारों के जीवन को सामान्य स्थिति में लाने के लिए भी जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।
उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़ राहत कार्यों में उनकी जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री प्रत्येक पात्र बाढ़ पीड़ित तक हर हाल में पहुंचनी चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सामने अपनी बात रखें, ताकि उन्हें समय से राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने पुलिस प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
विद्युत समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश
जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने जनपद में चल रहा है विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों से नियमित संवाद स्थापित कर उनके क्षेत्रों में बिजली से संबंधित समस्याओं की जानकारी प्राप्त की जाए और उनका तत्काल निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से समय-समय पर फीडबैक लेकर विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर, विद्युत लाइन सहित अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सितंबर तक पूर्ण हों जल जीवन मिशन की परियोजनाएं
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी परियोजनाओं को सितंबर माह तक पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। परियोजनाओं में अनावश्यक देरी न हो और सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण कराए जाएं।
निर्माणाधीन सड़कों को जल्द पूरा कराने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति की जानकारी ली और सभी लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
पर्यटन विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर
पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद में पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों पर चल रही सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी सहित अन्य कार्य जल्द पूरे हों
ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन लाइब्रेरी सहित अन्य पंचायत संबंधी कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करते हुए विकास योजनाओं का लाभ लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए
मुख्यमंत्री आवास और वीबी-जी राम जी योजना की समीक्षा
प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना तथा वीबी-जी राम जी योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कोई पात्र व्यक्ति राशन कार्ड से वंचित न रहे
खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में सभी पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड बनाए जाएं। कोई भी पात्र व्यक्ति राशन कार्ड से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को पात्रता के आधार पर आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध ढंग से राशन कार्ड जारी करने तथा पात्र परिवारों को खाद्यान्न योजना का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के नेतृत्व में बेहतर समन्वय की सराहना
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी विकास कार्यों की गति बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करें। किसी भी स्तर पर समस्या आने पर जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर उसका समाधान प्राप्त करें, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों।
उन्होंने जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा विकास योजनाओं की लगातार समीक्षा, विभागों के बीच बेहतर समन्वय, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में की गई तत्पर तैयारियों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने बाढ़ की चुनौती को गंभीरता से लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए व्यापक व्यवस्था की है और प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सक्रिय रखा गया है।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में इसी सक्रियता, संवेदनशीलता और तत्परता को बनाए रखते हुए शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। समीक्षा बैठक में मेहनौन विधायक, गौरा विधायक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, सांसद गोण्डा के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष, अपना दल जिलाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment