Aug 13, 2026

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत छात्राओं को मिला पढ़ाई का बेहतर संसाधन

 विधायक, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं को वितरित की स्टडी टेबल, अन्य विकासखंडों में भी चलेगा अभियान


बालिकाओं की शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल


गोण्डा  - विकासखंड बेलसर के सभागार में महिला कल्याण विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह तथा जिला प्रोवेशन अधिकारी गौरव मिश्रा द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बेलसर तथा पीएम श्री विद्यालय पूरे दयाल एवं लौव्वा टेपरा की छात्राओं को स्टडी टेबल वितरित की गईं।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनकी शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करते हुए शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है। स्टडी टेबल मिलने से छात्राओं को घर अथवा विद्यालय में व्यवस्थित ढंग से अध्ययन करने में सुविधा होगी। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत इस कार्यक्रम की शुरुआत आज विकासखंड बेलसर से की गई है। आगामी दिनों में जनपद के अन्य विकासखंडों में स्थित विद्यालयों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर पात्र छात्राओं को स्टडी टेबल वितरित की जाएंगी। अधिकारियों ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसके लिए विभिन्न स्तरों पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद एवं अन्य अधिकारियों ने भी छात्राओं को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। 

कार्यक्रम ने बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने, उन्हें आवश्यक शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराने तथा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में सकारात्मक पहल का संदेश दिया।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी बेलसर, सहायक विकास अधिकारी पंचायत बेलसर, संरक्षण अधिकारी महिला कल्याण विभाग चन्द्र मोहन, डीसी बेसिक शिक्षा विभाग राजेश सिंह, महिला कल्याण विभाग की जेंडर स्पेशलिस्ट ज्योत्सना सिंह, डीसी शिवेंद्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments: