कैसरगंज में तहसील चौपाल: एसडीएम ने गांव में सुनकर मौके पर हल करवाई तीन बड़ी शिकायतें
कैसरगंज— तहसील प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक नई पहल शुरू की है। इसी कड़ी में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) प्रशांत कुमार नायक ने गुरुवार को भखरौली मुंगेशपुर के मजरा बंभीवा स्थित कंपोजिट विद्यालय में चौपाल लगाकर सीधे ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही तीन प्रमुख प्रकरणों का निस्तारण कराया।चौपाल में पहले मामले के रूप में गाटा संख्या 103 से जुड़ा सीमा विवाद सामने आया, जिसे बंभीवा निवासी अनिल कुमार मौर्य ने उठाया। घटना की गंभीरता देखते हुए एसडीएम ने तुरंत राजस्व टीम को मौके पर पैमाइश कराने के निर्देश दिए। राजस्व कर्मियों ने संबंधित पक्षों की उपस्थिति में भूमि की माप कराकर विवादित सीमा स्पष्ट कर दी और प्रकरण का समाधान कराया।दूसरे प्रकरण में गाटा संख्या 319 में स्थित कब्रिस्तान की पैमाइश का मामला था। प्रशासन ने आवश्यक नाप-जोख और जांच पूरी कराकर इस शिकायत का भी शीघ्र निस्तारण कर दिया। वहीं तीसरे मामले में चकमार्ग से जुड़ी समस्या पर भी मौके पर कार्रवाई कर ग्रामीण को राहत प्रदान की गई।एसडीएम प्रशांत कुमार नायक ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति को राजस्व संबंधी मामलों के समाधान के लिए अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।चौपाल में नायब तहसीलदार सुरेंद्र वर्मा, भखरौली मुंगेशपुर के ग्राम प्रधान वेद सिंह तथा राजस्व विभाग की टीम और संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने एसडीएम की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि प्रशासन इसी तरह गांवों में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनता रहेगा और मौके पर निस्तारण कराएगा तो जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

No comments:
Post a Comment