Aug 13, 2026

पृथ्वीनाथ महादेवा मंदिर में मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने परिवार संग किया दर्शन



श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की न हो असुविधा—आयुक्त

गोण्डा - मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने पृथ्वीनाथ महादेवा मंदिर पहुंचकर परिवार संग बाबा पृथ्वीनाथ के दर्शन एवं पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मण्डलायुक्त ने मंदिर परिसर में कराए जा रहे विभिन्न विकास, सौंदर्यीकरण एवं जनसुविधा से संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट के सौंदर्यीकरण, टूरिस्ट शेल्टर, बाह्य स्थल विकास कार्य, हॉर्टिकल्चर, टूरिस्ट फैसिलिटीज, विद्युतीकरण सहित अन्य कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में कराए जा रहे सभी विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनमें आवश्यकतानुसार सुधार कर उन्हें और अधिक व्यवस्थित, आकर्षक एवं उपयोगी बनाया जाए, ताकि मंदिर परिसर की सुंदरता के साथ-साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि पृथ्वीनाथ महादेवा मंदिर धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजन के लिए आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। मंदिर परिसर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, आवागमन के मार्ग, घाट क्षेत्र, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ किया जाए।

मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में शेष एवं प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि टूरिस्ट फैसिलिटीज एवं अन्य जनसुविधाओं का विकास इस प्रकार किया जाए कि स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं प्राप्त हों। घाट एवं बाह्य स्थल विकास के कार्यों में स्वच्छता, सुरक्षा एवं आकर्षक स्वरूप का विशेष ध्यान रखा जाए।

मण्डलायुक्त ने कहा कि मंदिर परिसर की धार्मिक गरिमा, स्वच्छता एवं प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखते हुए विकास कार्यों को योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाए। कराए गए कार्यों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा जहां भी सुधार या अनुरक्षण की आवश्यकता हो, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं का निरंतर अनुश्रवण करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि मंदिर में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण मिले और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

No comments: