सीएचसी के सामने से शुरू होकर छतई पुरवा पर होगा उतराव, 7 मीटर ऊंचा होगा पुल, जाम से मिलेगी राहत
गोण्डा। कर्नलगंज क्षेत्र की सबसे बड़ी यातायात समस्या अब दूर होने वाली है। हुजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग समपार फाटक संख्या-282 स्पेशल पर 2-लेन रेलवे ओवरब्रिज आरओबी के निर्माण का प्रस्तावित रूट मैप जारी कर दिया गया है। जारी नक्शे के अनुसार ये टू लेन ओवरब्रिज 700 से 1000 मीटर लंबा होगा। इसमें एप्रोच रोड भी शामिल है। पुल की चौड़ाई 10 से 12 मीटर और रेलवे ट्रैक के ऊपर ऊंचाई लगभग 7 मीटर रखी गई है।
कहां से कहां तक जाएगा ओवरब्रिज
प्रस्तावित रूट के मुताबिक ओवरब्रिज की शुरुआत कर्नलगंज सीएचसी यानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने से होगी। इसके बाद ये हुजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर से गुजरेगा और अंत में ग्राम छतई पुरवा के पास उतरेगा।
जाम और हादसों से मिलेगी राहत
हुजूरपुर रेलवे क्रासिंग पर ट्रेन आने पर घंटों जाम लगता है। इससे एंबुलेंस, स्कूली बच्चे और व्यापारियों को भारी परेशानी होती है। ओवरब्रिज बनने के बाद आवागमन तेज, सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। समय की बचत होगी और क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा। स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज की स्वीकृति पर खुशी जताई है। उनका कहना है कि इससे कर्नलगंज से गोंडा, बहराइच और लखनऊ का संपर्क और बेहतर होगा। फिलहाल प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहण और टेंडर प्रक्रिया को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बॉक्स:
कुल लंबाई: 700 - 1000 मीटर, एप्रोच सहित
चौड़ाई: 10 - 12 मीटर
ऊंचाई: रेलवे ट्रैक से लगभग 7 मीटर
शुरुआत: कर्नलगंज सीएचसी के सामने
समाप्ति- ग्राम छतई पुरवा
मुख्य फायदा: जाम से मुक्ति, तेज और सुरक्षित सफर
No comments:
Post a Comment