Jul 5, 2026

ग्राहक बनकर आईं महिला टप्पेबाजों ने सर्राफा दुकान से उड़ाए 20 हजार के पायल, सीसीटीवी में कैद


गोण्डा - नगर कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज पुलिस चौकी अंतर्गत श्याम ज्वेलर्स की दुकान पर शुक्रवार सुबह ग्राहक बनकर आईं दो महिला टप्पेबाजों ने 20 हजार रुपये के चांदी के पायल पार कर दिए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दुकान मालिक सुनील कुमार सोनी ने बताया कि शुक्रवार सुबह दो महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पर आईं। उन्होंने आभूषण देखने के बहाने चांदी के पायल का एक पैकेट उठाया जो 85 ग्राम का था, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये थी,और उसे मोड़कर अपने पास रख लिया। कुछ देर सामान देखने के बाद दोनों वहां से चली गईं। बाद में जब कर्मचारी शिवा ने गिनती की तो एक पायल का पैकेट कम निकला। शिवा ने पायल बेचने से इंकार किया था। संदेह होने पर सीसीटीवी फुटेज चेक की गई तो दोनों महिलाओं की करतूत सामने आई। सुनील सोनी ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर दोषी महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने में जुट गई है।

No comments: