Jul 21, 2026

जनता दर्शन में प्राप्त शिकायत का त्वरित संज्ञान, नगर मजिस्ट्रेट के निर्देशन में आबकारी एवं पुलिस की संयुक्त दबिश

जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई



गोण्डा - कलेक्ट्रेट जनता दर्शन में प्राप्त शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने उसके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए नगर मजिस्ट्रेट गोण्डा को निर्देश दिये हैं।
नगर मजिस्ट्रेट के कुशल निर्देशन में आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम खीराभा में व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में संचालित अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना।

संयुक्त टीम द्वारा ग्राम खीराभा में संदिग्ध स्थलों पर सघन दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान दो स्थानों पर अवैध कच्ची शराब की भट्ठियां संचालित होती हुई पाई गईं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों भट्ठियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया, जिससे अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सका। तलाशी अभियान के दौरान लगभग 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त लगभग 400 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि भविष्य में उसका किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न हो सके। 

दो आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज, अवैध कारोबार पर आगे भी जारी रहेगा अभियान

उन्होंने बताया है कि इस कार्रवाई में अवैध शराब के निर्माण एवं संचालन में संलिप्त पाए गए दो व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत थाना कोतवाली नगर में एफआईआर पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं बिक्री जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन ने जनसामान्य से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा तस्करी की जानकारी प्राप्त हो तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें, ताकि समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जनसहभागिता से ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जनहित एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भविष्य में भी नियमित रूप से सघन चेकिंग एवं प्रवर्तन कार्रवाई करती रहेगी, जिससे अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके तथा आमजन की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य की रक्षा सुनिश्चित हो।

No comments: